जौनपुर: युवक पर सोते समय चाकू से हमला
जौनपुर। सोहांसा गांव में ससुराल आया युवक बुधवार की रात में सोते समय चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका आरोप है कि पत्नी के इशारे पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। प्रयागराज के उतरांव थाना क्षेत्र के समोधीपुर गांव निवासी कन्हैया लाल पटेल (25) तीन दिन पूर्व अपनी पत्नी शान्ति पटेल के साथ ससुराल सोहांसा गांव आया था।
बुधवार की रात दोनों एक कमरे में सो रहे थे। जब कन्हैया लाल गहरी नींद में था उसी समय तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आंख खुल जाने पर कन्हैया लाल शोर मचाते हुए हमलावरों से भिड़ गया। हमलावरों ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा तो उसे मृत समझकर भाग गए। शोर सुनकर ससुरालीजन व आस-पास के ग्रामीण जुट गए। आनन-फानन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घायल कन्हैया लाल का आरोप है कि उस पर जानलेवा हमला उसकी पत्नी के इशारे पर किया गया है। घायल युवक के पिता रमा शंकर पटेल ने उसकी पत्नी सास-ससुर व साले पर हमला कराने का साजिश का आरोप लगाते हुए नामजद किया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Comments
Post a Comment